सरकारी स्कूल बना बीजेपी कार्यालय! ब्लैक बोर्ड पर ‘क ख ग’ की जगह लिखी राजनीतिक रणनीति, वायरल तस्वीरों से मचा हड़कंप

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से एक सरकारी स्कूल में राजनीतिक बैठक होने का मामला सामने आया है, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। वायरल तस्वीरों में स्कूल के ब्लैक बोर्ड पर बच्चों की पढ़ाई से जुड़े ‘क ख ग’ की जगह भारतीय जनता पार्टी की मासिक बैठक की रणनीति लिखी दिखाई दे रही है। तस्वीरें सामने आने के बाद सरकारी स्कूल के राजनीतिक इस्तेमाल को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

सरकारी स्कूल में बीजेपी की मासिक बैठक का दावा

बताया जा रहा है कि पूरा मामला सिवनी जिले के छपारा विकासखंड के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बीजादेवरी का है। यहां बीजेपी की मासिक बैठक आयोजित किए जाने की बात सामने आई है। बैठक की तस्वीरें बीजेपी मंडल अध्यक्ष की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गईं, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया।

वायरल तस्वीरों में स्कूल के कमरे में बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी दिखाई दे रही है। वहीं ब्लैक बोर्ड पर भी बीजेपी की मासिक बैठक से जुड़ी रणनीति लिखी नजर आ रही है।

सरकारी स्कूल में राजनीतिक बैठक पर उठे सवाल

तस्वीरें सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर किसी सरकारी शैक्षणिक संस्थान में राजनीतिक दल की बैठक आयोजित करने की अनुमति किसने दी। क्या स्कूल प्रबंधन ने इसके लिए अनुमति दी थी? अगर अनुमति दी गई थी तो किस आधार पर सरकारी स्कूल के परिसर का इस्तेमाल राजनीतिक बैठक के लिए किया गया?

और अगर स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई अनुमति नहीं दी गई थी, तो फिर स्कूल परिसर में राजनीतिक कार्यक्रम कैसे आयोजित हो गया?

प्राचार्य बोले- मैंने नहीं दी थी अनुमति

इस पूरे मामले को लेकर स्कूल के प्राचार्य रूपराम सनोड़िया से फोन पर बात की गई। प्राचार्य का कहना है कि जिस दिन यह बैठक हुई, उस दिन वह स्कूल में मौजूद नहीं थे और उन्होंने इस बैठक के लिए कोई अनुमति नहीं दी थी।

प्राचार्य के इस बयान के बाद अब सवाल और भी गंभीर हो गया है कि आखिर स्कूल परिसर में बीजेपी की बैठक किसकी अनुमति से आयोजित की गई।

अब शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर नजर

वायरल तस्वीरों ने सरकारी स्कूलों के राजनीतिक इस्तेमाल को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि स्कूल शिक्षा विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और वायरल तस्वीरों की जांच के बाद क्या कार्रवाई की जाती है।

फिलहाल इस पूरे मामले में तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं और सरकारी स्कूल में राजनीतिक बैठक को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *