राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहला MP दौरा! PM मोदी के जन्मदिन पर नितिन नबीन आएंगे मध्य प्रदेश, जानिए पूरा शेड्यूल

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर आएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला मध्य प्रदेश दौरा होगा। इस दौरान नितिन नबीन इंदौर और उज्जैन में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे और मध्य प्रदेश की धरती से बीजेपी के देशव्यापी सेवा संकल्प अभियान का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।

नितिन नबीन 17 और 18 सितंबर को मध्य प्रदेश में रहेंगे। उनके दौरे को लेकर मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। 17 सितंबर को दोपहर 1 बजकर 45 मिनट पर वे इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे इंदौर में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 2 बजकर 55 मिनट पर वे गांधी नगर ग्राउंड पहुंचेंगे, जहां स्वामित्व योजना के तहत नई राज्यव्यापी पंजीयन प्रक्रिया का शुभारंभ किया जाएगा।

इसके बाद शाम 5 बजकर 5 मिनट पर नितिन नबीन उज्जैन पहुंचेंगे। शाम 6 बजकर 45 मिनट पर वे रामघाट पर शिप्रा आरती में शामिल होंगे और ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित करेंगे। इसके बाद रात 8 बजे रामघाट पर आयोजित भजन संध्या में शामिल होंगे।

18 सितंबर को नितिन नबीन का कार्यक्रम सुबह तड़के शुरू होगा। सुबह 4 बजकर 5 मिनट पर वे श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भस्म आरती में शामिल होंगे। इसके बाद सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर उज्जैन से इंदौर के लिए रवाना होंगे और सुबह 10 बजे इंदौर एयरपोर्ट से पंजाब के लिए रवाना हो जाएंगे।

यानी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का यह पहला मध्य प्रदेश दौरा कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों से जुड़ा है। अब देखना होगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मध्य प्रदेश से शुरू होने वाला बीजेपी का सेवा संकल्प अभियान किस तरह आगे बढ़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *