भोपाल। मध्य प्रदेश एक बार फिर अपनी खनिज संपदा को लेकर सुर्खियों में है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि बैतूल से लेकर आलीराजपुर तक फैले क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले ग्रेफाइट के बड़े भंडार मिले हैं। उनका कहना है कि यह खोज मध्य प्रदेश को देश के उभरते हुए ‘क्रिटिकल मिनरल हब’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की समृद्ध खनिज संपदा और निवेश के अनुकूल नीतियां प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत अभियान को नई गति दे रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे न सिर्फ मध्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि देश की औद्योगिक प्रगति को भी नई दिशा मिलेगी।
डॉ. मोहन यादव के मुताबिक, बैतूल से आलीराजपुर तक फैले इस खनिज क्षेत्र में उच्च स्थिर कार्बन और बेहतरीन फ्लेकी गुणवत्ता वाला ग्रेफाइट पाया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रकार का ग्रेफाइट इलेक्ट्रिक वाहन बैटरियों, ऊर्जा भंडारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा उद्योग के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह खोज मध्य प्रदेश को भविष्य की हरित अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही, ईवी बैटरी, स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण और रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि यहां मिलने वाला उच्च गुणवत्ता का ग्रेफाइट इलेक्ट्रोड निर्माण, बैटरी उत्पादन और अन्य हाई-टेक औद्योगिक उपयोगों के लिए बेहद उपयुक्त माना जाता है। सरकार का मानना है कि इस खनिज संपदा का बेहतर उपयोग प्रदेश में नए निवेश, उद्योग और रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगा।

