इंदौर में राहुल गांधी के स्वागत की अनोखी तैयारी! कहीं क्रिकेट टूर्नामेंट तो कहीं हाथों पर सजी ‘RaGa’ की मेहंदी

इंदौर। इंदौर में 19 सितंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस और यूथ कांग्रेस ने युवाओं, खासकर Gen-Z को जोड़ने के लिए ‘यूथ कनेक्ट’ अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत राहुल गांधी के स्वागत के लिए ऐसे अनोखे तरीके अपनाए जा रहे हैं, जो इस समय शहर में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

इंदौर के अलग-अलग इलाकों में युवाओं को कांग्रेस से जोड़ने के लिए क्रिकेट लीग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। वहीं छात्राओं और युवा महिलाओं के बीच मेहंदी प्रतियोगिताएं भी कराई जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं में युवतियां अपने हाथों पर ‘वेलकम रागा’, ‘वेलकम राहुल’ और ‘वेलकम राहुल गांधी’ जैसे संदेशों वाली आकर्षक मेहंदी रचा रही हैं और राहुल गांधी के स्वागत के लिए अपना समर्थन जता रही हैं।

कांग्रेस का फोकस सिर्फ आयोजनों तक सीमित नहीं है। 19 सितंबर के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को बड़ा बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर भी संपर्क कर रहे हैं। खास तौर पर स्कूल-कॉलेज के छात्रों और पहली बार वोट डालने वाले युवाओं तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए पारंपरिक प्रचार के साथ-साथ युवाओं को आकर्षित करने वाले अलग-अलग रचनात्मक तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

कांग्रेस का मानना है कि क्रिकेट लीग, मेहंदी प्रतियोगिता और घर-घर संपर्क जैसे ‘यूथ कनेक्ट’ अभियान के जरिए बड़ी संख्या में Gen-Z युवाओं को जोड़ा जा सकता है और राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी बढ़ाई जा सकती है। अब देखना होगा कि 19 सितंबर को होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम कांग्रेस के इस युवा कनेक्ट अभियान को कितनी बड़ी सफलता दिलाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *