मध्य प्रदेश में एक ओर सरकार लाडली बहना योजना की हर महीने किस्त जारी कर रही है, वहीं दूसरी ओर कटनी जिले के ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत से सामाजिक सुरक्षा पेंशन को लेकर बड़ी शिकायत सामने आई है। आरोप है कि पिछले तीन महीनों से हजारों बुजुर्गों के खातों में पेंशन की राशि नहीं पहुंची है। इससे नाराज हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।
बताया जा रहा है कि ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत के करीब 200 गांवों के बुजुर्ग इस समस्या से प्रभावित हैं। उनका कहना है कि तीन महीने से पेंशन नहीं मिलने के कारण दवाइयों और रोजमर्रा के खर्चों का इंतजाम करना मुश्किल हो गया है। कई बुजुर्गों का कहना है कि उन्हें अब दूसरों पर निर्भर होना पड़ रहा है।
बुजुर्गों ने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान पेंशन बढ़ाने के कई वादे किए गए थे, लेकिन फिलहाल जो राशि मिलती थी, उसका भी समय पर भुगतान नहीं हो रहा है। उनका कहना है कि जिस तरह अन्य सरकारी योजनाओं की राशि नियमित रूप से लाभार्थियों तक पहुंचाई जाती है, उसी तरह सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भी समय पर भुगतान होना चाहिए।
इस मामले में स्थानीय अधिकारियों से जवाब मांगा गया तो ढीमरखेड़ा के समग्र सुरक्षा अधिकारी अनिल कौल ने बताया कि पिछले तीन महीनों से शासन स्तर से पेंशन की राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है। उनके अनुसार बजट जारी न होने के कारण भुगतान रुका हुआ है। हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही राशि प्राप्त होगी, सभी पात्र हितग्राहियों के खातों में पेंशन का भुगतान कर दिया जाएगा।
अब इस पूरे मामले में सभी की नजर राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर है कि आखिर बुजुर्गों की रुकी हुई पेंशन कब जारी होती है और उन्हें इस परेशानी से राहत कब मिलती है।

