भोपाल। एमपी के सागर में जहरीली शराब प्रकरण की जांच के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस रिमांड पर लिए गए मुख्य आरोपी चंद्रभान उर्फ चंदू राजा, पिता द्वारका राजपूत, उम्र 42 साल, निवासी तीतरवाड़ा थाना बंडा की निशानदेही पर पुलिस टीम ने संबंधित स्थान पर सर्च कार्रवाई की।
इस दौरान पुलिस ने 26 पेटी अवैध शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा मौके से 1128 जले हुए क्वार्टर भी बरामद किए गए हैं। पुलिस की जांच के मुताबिक, कार्रवाई से बचने के लिए आरोपियों ने अवैध शराब के क्वार्टरों को जलाकर नष्ट करने का प्रयास किया था। पुलिस ने इन जले हुए क्वार्टरों को भी जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है।
कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। पुलिस ने अवैध शराब को नष्ट करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रैक्टर और ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये है। इसके साथ ही शराब नष्ट करने के काम में इस्तेमाल की जा रही पोकलेन मशीन भी पुलिस के कब्जे में ली गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।
यानी पुलिस ने सिर्फ अवैध शराब ही बरामद नहीं की, बल्कि शराब को नष्ट करने और इस पूरी गतिविधि में इस्तेमाल किए जा रहे संसाधनों पर भी कार्रवाई की है।
पुलिस अब इस मामले में अवैध शराब के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस अपने स्तर पर लगातार सूचनाएं एकत्रित कर शराब के स्रोत, उसके भंडारण, परिवहन और बिक्री से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। इसी जांच के दौरान मुख्य आरोपी से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर उसकी निशानदेही पर यह शराब, जले हुए क्वार्टर और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों और अवैध शराब के स्रोत की भी लगातार जांच की जा रही है। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सागर पुलिस का अवैध और जहरीली शराब के खिलाफ अभियान जारी है। पुलिस का दावा है कि प्राप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। अब बड़ा सवाल यही है कि 26 पेटी शराब, 1128 जले क्वार्टर और इतनी बड़ी मशीनरी मिलने के बाद जांच की कड़ी आगे किस-किस तक पहुंचती है और इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

