ग्वालियर चेंबर चुनाव में बड़ा उलटफेर! निर्दलीय डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने पारस जैन को 617 वोटों से हराया, लगातार दूसरी बार बने अध्यक्ष

ग्वालियर। ग्वालियर एमपी चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव में इस बार नतीजों ने सभी को चौंका दिया। कई वर्षों से चले आ रहे समीकरण बदल गए और सबसे बड़ा उलटफेर अध्यक्ष पद पर देखने को मिला। व्हाइट हाउस से टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने व्हाइट हाउस के प्रत्याशी पारस जैन को 617 वोटों के बड़े अंतर से हराकर लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया।

इस बार एमपी चेंबर चुनाव में रिकॉर्ड 92.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 3430 मतदाताओं में से 3189 व्यापारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव में छह प्रमुख पदों के लिए 12 उम्मीदवार और कार्यकारिणी के 53 पदों के लिए 150 प्रत्याशी मैदान में थे।

व्हाइट हाउस और क्रिएटिव हाउस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पांच प्रमुख पदों पर सीधी टक्कर रही, जबकि संयुक्त अध्यक्ष पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला हुआ। देर रात घोषित हुए परिणामों में व्हाइट हाउस ने तीन पदों पर जीत हासिल की, क्रिएटिव हाउस के खाते में दो पद गए, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी की जीत की रही।

मानसेवी सचिव पद पर व्हाइट हाउस के दीपक अग्रवाल ने क्रिएटिव हाउस के डॉ. राकेश अग्रवाल को 839 वोटों से हराकर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। वहीं अध्यक्ष पद पर डॉ. प्रवीण अग्रवाल की जीत को व्यापारी राजनीति में बड़ा संदेश माना जा रहा है।

जीत के बाद डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने इसे पूरे व्यापारी समाज की जीत बताते हुए कहा कि व्यापारियों ने अपने मत के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि चेंबर में मनमानी और कुछ परिवारों के प्रभाव के खिलाफ व्यापारियों ने अपनी राय जाहिर की है।

वहीं, मानसेवी सचिव बने दीपक अग्रवाल ने कहा कि वे छोटे और बड़े सभी व्यापारियों को साथ लेकर काम करेंगे और उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे।

पिछले चुनाव में हुए विवादों को देखते हुए इस बार प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया था और मतदाता मतदान के बाद ही अपना मोबाइल वापस ले सके।

रिकॉर्ड मतदान, शांतिपूर्ण चुनाव और चौंकाने वाले नतीजों के साथ संपन्न हुआ यह चुनाव अब ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन की नई दिशा तय करेगा। देर रात परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की और जीत का जश्न मनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *