ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को हाईकोर्ट से राहत! आकाश विजयवर्गीय मानहानि केस में गिरफ्तारी वारंट पर रोक, 16 जून को होगी अगली सुनवाई

जबलपुर। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी को फिलहाल हाईकोर्ट से राहत मिल गई है। भोपाल की MPMLA कोर्ट द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट के खिलाफ दायर उनकी याचिका पर अब 16 जून को सुनवाई होगी। तब तक उनके खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट पर रोक जारी रहेगी।

यह पूरा मामला बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय के बेटे और विधायक आकाश विजयवर्गीय को कथित तौर पर ‘गुंडा’ कहने से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि साल 2020 में कोलकाता में आयोजित एक सभा के दौरान अभिषेक बनर्जी ने आकाश विजयवर्गीय को लेकर विवादित टिप्पणी की थी।

इस बयान के बाद आकाश विजयवर्गीय ने साल 2021 में भोपाल की MPMLA कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। मामला पिछले कई वर्षों से कोर्ट में चल रहा है। इसी दौरान MPMLA कोर्ट ने अभिषेक बनर्जी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद अभिषेक बनर्जी ने इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी। अब हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 16 जून तय की है। बताया जा रहा है कि अगली तारीख पर पैरोकार की मौजूदगी में मामले को गुण-दोष के आधार पर सुना जाएगा और आगे की प्रक्रिया तय होगी।

फिलहाल इस मामले ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल बढ़ा दी है, क्योंकि इसमें देश की दो बड़ी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं के बीच सीधा टकराव देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *