नोएडा। नोएडा में हुए मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां यूपी एसटीएफ ने लंबे समय से फरार चल रहे मास्टरमाइंड आदित्य आनंद को तमिलनाडु से गिरफ्तार कर लिया है, इस आरोपी पर नोएडा पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और जांच में सामने आया है कि प्रदर्शन भड़काने में इसकी अहम भूमिका थी।
बताया जा रहा है कि आदित्य आनंद कथित तौर पर एक अल्ट्रा लेफ्ट संगठन से जुड़ा हुआ है और उसी के जरिए उसने मजदूरों को उकसाने और हिंसा फैलाने की साजिश रची थी, गिरफ्तारी के बाद अब उससे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
इधर यूपी एसटीएफ लगातार अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही है, नोएडा के अरुण विहार, दिल्ली के आदर्श नगर और शाहबाद डेयरी इलाके में भी कार्रवाई की गई है, जहां से 6 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, वहीं हालात अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम अभी भी जारी हैं और पुलिस लगातार फ्लैग मार्च और गश्त कर रही है।
हिंसा के बाद योगी सरकार ने मजदूरों को राहत देते हुए न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने का ऐलान किया है और भविष्य में ऐसे विवादों से निपटने के लिए वेज बोर्ड बनाने का प्रस्ताव भी रखा है, इसके बाद मजदूर दोबारा काम पर लौटने लगे हैं, वहीं पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से दूर रहें और किसी भी उकसावे में न आएं, ताकि जिले में शांति और सामान्य जनजीवन बना रहे।

