भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई है, जहां भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कांग्रेस ने उनके खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं कि उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में पश्चिम बंगाल में दर्ज मामलों की जानकारी छिपाई है।
कांग्रेस प्रवक्ता प्रमोद कुमार द्विवेदी ने यह शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें रतलाम में दिए गए विजयवर्गीय के बयान को आधार बनाया गया है। दरअसल, रतलाम में एक कार्यक्रम के दौरान विजयवर्गीय ने कहा था कि पश्चिम बंगाल में उनके खिलाफ कई फर्जी मामले दर्ज हैं और वहां जाने पर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।
कांग्रेस का कहना है कि जब खुद मंत्री ने सार्वजनिक रूप से इन मामलों का जिक्र किया है, तो उन्हें अपने चुनावी हलफनामे में भी इसका उल्लेख करना चाहिए था। ऐसा न करना नियमों का उल्लंघन माना जा सकता है।
कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो विजयवर्गीय की सदस्यता रद्द की जानी चाहिए।
अब इस पूरे मामले में चुनाव आयोग की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं, जो यह तय करेगी कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे क्या कदम उठाए जाएंगे।

