नर्मदापुरम में मंत्री राकेश सिंह के सख्त तेवर! मूंग खरीदी का बड़ा ऐलान, खनन माफिया और तवा पुल पर कड़ा एक्शन

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के लोक निर्माण एवं नर्मदापुरम के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह के एक दिवसीय दौरे ने प्रशासनिक अमले और अवैध खनन से जुड़े लोगों में हलचल मचा दी। बलराम कृषि महोत्सव और भाजपा कोर कमेटी की बैठक में शामिल होने पहुंचे मंत्री ने साफ कहा कि डॉ. मोहन यादव सरकार किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

दौरे के दौरान मंत्री राकेश सिंह ने तवा और नर्मदा नदी में अवैध रेत खनन के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया। एनजीटी की रोक के बावजूद खनन की शिकायतों पर उन्होंने कलेक्टर और प्रशासनिक अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और माफियाओं के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।

मंत्री ने जर्जर तवा पुल का भी मुद्दा उठाया। प्रतिबंध के बावजूद पुल से गुजर रहे भारी वाहनों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि पुल और सड़क की स्थिति का तुरंत निरीक्षण कराया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों की आवाजाही हर हाल में रोकी जाए।

इस दौरान किसानों के लिए भी बड़ी राहत की घोषणा की गई। मूंग खरीदी को लेकर राकेश सिंह ने कहा कि किसान बिल्कुल चिंता न करें। यदि खरीदी की निर्धारित तारीख समाप्त भी हो जाती है, तो सरकार नई तारीख घोषित करेगी और हर पात्र किसान की मूंग का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसान वर्ष के दौरान उनकी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।

वहीं हरदा-टिमरनी मार्ग की खराब हालत पर भी मंत्री ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को अल्टीमेटम देते हुए निर्देश दिए कि टेंडर प्रक्रिया अपनी जगह चलती रहे, लेकिन सड़क की तत्काल मरम्मत कर उसे आवागमन के लिए सुरक्षित और सुगम बनाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *