MP Transfer 2026: आज से शुरू हुआ तबादलों का महाअभियान, 15 जून तक होंगे बड़े फेरबदल, मोहन सरकार की नई ट्रांसफर पॉलिसी लागू, अधिकारी-कर्मचारियों में मची हलचल!

भोपाल। मध्यप्रदेश के लाखों सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश में आज यानी 1 जून से तबादलों का दौर आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार की नई ट्रांसफर पॉलिसी लागू होने के बाद अब 15 जून तक विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर तबादले किए जाएंगे। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी नीति के अनुसार यह प्रक्रिया स्वैच्छिक और प्रशासनिक दोनों आधारों पर संचालित होगी, जिससे प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

नई नीति लागू होते ही पुलिस विभाग ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिलों में उपनिरीक्षकों और अन्य पुलिसकर्मियों के तबादलों की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशासनिक जरूरतों के अनुसार नई जगहों पर भेजा जा रहा है, ताकि कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

वहीं शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग ने भी ट्रांसफर प्रक्रिया को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। स्कूल शिक्षा विभाग सहित कई प्रमुख विभागों ने जिलों से अधिकारियों और कर्मचारियों का विस्तृत डाटा और प्रोफाइल मांगा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन यानी एनएचएम ने संविदा कर्मचारियों के तबादलों को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इच्छुक संविदा कर्मचारियों को 2 जून तक ऑनलाइन आवेदन करने को कहा गया है।

गौरतलब है कि 20 मई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में नई तबादला नीति को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद 22 मई को सामान्य प्रशासन विभाग ने वर्ष 2026 की आधिकारिक ट्रांसफर पॉलिसी जारी की थी। अब 15 जून तक चलने वाले इस अभियान के दौरान प्रदेश के कई विभागों में बड़े स्तर पर फेरबदल देखने को मिलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *