खुदाई में मिले चांदी के पुराने सिक्के, मचा हड़कंप, सरिया लेकर पहुंचे ग्रामीण

श्योपुर। मुरैना में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए डाली गई मिट्टी में चांदी के पुराने सिक्के मिलने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जैसे ही यह बात गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण निर्माण स्थल पर पहुंच गए और सिक्कों की तलाश में मिट्टी खोदने लगे।

मामला माता बसैया थाना क्षेत्र के डोंगरपुर लोधा गांव का है, जहां मंगलवार सुबह बच्चों से लेकर महिलाएं, युवा और बुजुर्ग तक हाथों में खुरपी, हंसिया और सरिया लेकर निर्माण स्थल पर पहुंच गए।

ग्रामीणों का दावा है कि अब तक करीब 12 से 15 चांदी के सिक्के मिल चुके हैं। बताया जा रहा है कि करीब तीन दिन पहले एक युवक को मिट्टी के अंदर दबा हुआ चांदी का एक सिक्का मिला था।

इसके बाद युवक ने अपने दोस्तों के साथ उसी जगह खुदाई शुरू कर दी। दावा है कि खुदाई के दौरान कुछ और सिक्के भी मिले। देखते ही देखते इसकी खबर पूरे गांव में फैल गई और मंगलवार सुबह निर्माण स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

लोग हाथों में अलग-अलग औजार लेकर मिट्टी में सिक्के तलाशते नजर आए। हर कोई यह जानना चाहता था कि आखिर इस मिट्टी के अंदर और कितने पुराने सिक्के दबे हुए हैं।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को खुदाई करने से रोक दिया। पुलिस ने मौके की स्थिति को संभालते हुए सिक्कों से जुड़े मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी के मुताबिक शुरुआती जांच में पता चला है कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए मिट्टी किसी दूसरी जगह से लाकर यहां डाली गई है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि चांदी के ये सिक्के आखिर किस जगह की मिट्टी से आए हैं।

फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि सिक्के कितने पुराने हैं और किस काल से संबंधित हैं। इसकी जानकारी विशेषज्ञों की जांच के बाद ही सामने आएगी।

प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि अगर और सिक्के मिलते हैं तो उन्हें जब्त कर पुरातत्व विभाग को सौंपा जाए, ताकि सिक्कों की सही पहचान और उनकी ऐतिहासिकता का पता लगाया जा सके।

फिलहाल चांदी के सिक्के मिलने की खबर के बाद गांव में चर्चा का माहौल है और लोग अब प्रशासन की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *