शिवपुरी। कृष्णवंशियों को लेकर पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के कथित विवादित बयान पर अब नया मोड़ सामने आया है। बयान को लेकर उठे विवाद के बाद विधायक प्रीतम लोधी ने एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी है।
विधायक का कहना है कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया और उनके शब्दों का संदर्भ बदलकर उसे वायरल किया गया, जबकि उनका आशय कुछ और था।
दरअसल, हाल ही में करैरा में आयोजित एक कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में प्रीतम लोधी कथित तौर पर कृष्णवंशियों को संबोधित करते हुए 99 गलती के बाद रुक जाने और उसके बाद परिणाम बेहतर होने जैसी बात कहते नजर आए थे।
वीडियो सामने आने के बाद उनके बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई थीं। सोशल मीडिया पर भी इस बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
अब इस पूरे विवाद पर विधायक प्रीतम लोधी ने वीडियो जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उनका कहना है कि जिस तरीके से उनके बयान को प्रचारित किया जा रहा है, वह सही नहीं है।
विधायक का दावा है कि उनके शब्दों और बात का संदर्भ अलग था और उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट करने की कोशिश की है कि उनके बयान का जो अर्थ सोशल मीडिया पर बताया जा रहा है, उनका उद्देश्य वह नहीं था।
फिलहाल प्रीतम लोधी की सफाई के बाद इस मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है और अब उनके मूल बयान और उनके स्पष्टीकरण को लेकर चर्चा जारी है।

