पीएम श्री एयर एम्बुलेंस बनी बुजुर्ग के लिए संजीवनी, आयुष्मान कार्ड से मिला मुफ्त इलाज, नर्मदापुरम में पहली बार हुआ एयरलिफ्ट रेस्क्यू

नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई और ऐतिहासिक पहल देखने को मिली है। पहली बार पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से एक गंभीर मरीज को बेहद कम समय में एयरलिफ्ट कर नागपुर पहुंचाया गया। खास बात यह रही कि आयुष्मान कार्ड धारक होने के कारण 83 वर्षीय बुजुर्ग मरीज को यह अत्याधुनिक और बेहद महंगी सुविधा पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई गई।

जानकारी के मुताबिक रसूलिया शिवाजीनगर निवासी 83 वर्षीय रामगोपाल टोकसे नर्मदापुरम के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। उनकी हालत बेहद गंभीर थी और वे ब्रेन हैमरेज के साथ-साथ मल्टी ऑर्गन फेलियर जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। डॉक्टरों ने स्थिति को नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल रेफर करने की सलाह दी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गहलोत और डिप्टी कलेक्टर डॉ. बबिता राठौर के अनुसार, मरीज के परिजनों ने बुधवार को एयर एम्बुलेंस की सुविधा के लिए आवेदन किया। आवेदन मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तेजी से पूरी प्रक्रिया शुरू की गई, ताकि मरीज को समय रहते बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

शुरुआत में एयर एम्बुलेंस को एसपीएम केंद्रीय विद्यालय मैदान के हेलीपैड पर उतरना था, लेकिन लगातार हो रही तेज बारिश के कारण वहां की स्थिति उपयुक्त नहीं रही। ऐसे में प्रशासन ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए सीहोर जिला प्रशासन के सहयोग से बुधनी स्थित ट्राइडेंट कंपनी के हेलीपैड का चयन किया।

गुरुवार सुबह करीब 11 बजकर 15 मिनट पर हेलीकॉप्टर बुधनी पहुंचा, जहां से मरीज को सुरक्षित एयरलिफ्ट कर नागपुर के लिए रवाना किया गया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय का नतीजा रहा कि महज 1 घंटे 15 मिनट में एयर एम्बुलेंस नागपुर पहुंच गई। दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर हेलीकॉप्टर नागपुर में उतरा और कुछ ही मिनटों बाद मरीज को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।

इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन ने न सिर्फ एक गंभीर मरीज को समय पर इलाज दिलाने में मदद की, बल्कि यह भी दिखाया कि आपातकालीन परिस्थितियों में पीएम श्री एयर एम्बुलेंस और आयुष्मान योजना किस तरह लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकती हैं।

मरीज के बेटे ऋतिक ने इस मदद के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि समय पर मिली इस सुविधा ने उनके पिता को नया जीवन देने की उम्मीद जगाई है। नर्मदापुरम में पहली बार हुए इस एयर एम्बुलेंस रेस्क्यू को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *