धार। मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी धार में आज बाबा धारनाथ यानी धारेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी निकलने वाली है। बाबा धारनाथ के नगर भ्रमण से पहले धार पुलिस ने भक्ति और सेवा की अनूठी मिसाल पेश की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जवानों ने खुद सवारी मार्ग पर श्रमदान किया और साफ-सफाई की।
धारेश्वर मंदिर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने हाथों में झाड़ू थामी और सवारी मार्ग की सफाई में जुट गए। इस विशेष अभियान में एडिशनल एसपी विजय डाबर, सीएसपी शशांक सिंह गुर्जर, डीएसपी आनंद तिवारी, यातायात थाना पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस विभाग के अन्य जवान शामिल हुए।
अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने सड़क पर झाड़ू लगाकर जगह-जगह पड़ा कचरा इकट्ठा किया। कचरे को टोकरियों में भरकर कचरा वाहनों तक पहुंचाया गया। इस दौरान नगर पालिका का सफाई अमला भी पुलिस टीम के साथ व्यवस्था संभालता नजर आया।
सफाई अभियान के बाद एडिशनल एसपी विजय डाबर ने कहा कि धार पुलिस ने अपने शहर को स्वच्छ और साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया है। इसी संकल्प के तहत बाबा धारनाथ की शाही सवारी से पहले पूरे सवारी मार्ग की सफाई के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों ने श्रमदान किया।
पुलिस की इस पहल को स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं की ओर से भी सराहना मिल रही है। बाबा धारनाथ की शाही सवारी को लेकर धार में जबरदस्त उत्साह है। एक तरफ पुलिस सुरक्षा व्यवस्था संभालने में जुटी है, तो दूसरी तरफ श्रमदान के जरिए स्वच्छता का संदेश भी दिया जा रहा है। यानी बाबा की सवारी से पहले धार पुलिस ने ड्यूटी के साथ सेवा और स्वच्छता का भी संदेश दे दिया है।

