‘सिंहस्थ 2028’ की तैयारियां तेज, अधिकारियों ने ट्रेन कोच से किया स्टेशनों का निरीक्षण

उज्जैन। उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है, जहां रेलवे और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अनोखा तरीका अपनाया, वरिष्ठ अधिकारियों ने ट्रेन कोच में बैठकर उज्जैन जंक्शन सहित विक्रम नगर, पिंगलेश्वर, पंवासा, चिंतामन, नईखेड़ी और मोहनपुरा जैसे स्टेशनों का दौरा किया और मौके पर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया।

उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए सभी स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, प्लेटफॉर्म विकास, फुटओवर ब्रिज, होल्डिंग एरिया, पेयजल और टॉयलेट जैसी जरूरी सुविधाओं के काम शुरू हो चुके हैं और तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रेलवे के कार्य संतोषजनक गति से चल रहे हैं और सिंहस्थ से पहले सभी जरूरी काम पूरे कर लिए जाएंगे, साथ ही रेलवे और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के चलते लंबित मुद्दों पर भी चर्चा कर उन्हें मंजूरी दी जा चुकी है और आवश्यक एनओसी भी जारी कर दी गई हैं।

सिंहस्थ के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए ट्रेनों की आवाजाही को लेकर भी विस्तृत योजना तैयार की गई है, मक्सी रोड, नागदा और इंदौर दिशा से आने वाली ट्रेनों को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म और होल्डिंग एरिया की क्षमता बढ़ाई जा रही है ताकि किसी भी यात्री को असुविधा न हो।

कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएंगी, जिससे सिंहस्थ 2028 में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर, सुगम और सुरक्षित सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *