राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले विरोध के पोस्टर! शहर में गूंजा ‘झूठ की गूंज’ का नारा

इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर दौरे से ठीक पहले शहर के कई हिस्सों में उनके विरोध में लगाए गए पोस्टर सामने आए हैं। देर रात अज्ञात लोगों की ओर से लगाए गए इन पोस्टरों के बाद इंदौर का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

दरअसल, आज इंदौर में राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही शहर के कई चौराहों और प्रमुख मार्गों पर विरोधी पोस्टर दिखाई देने लगे। इन पोस्टरों पर बड़े अक्षरों में ‘झूठ की गूंज’ लिखा गया है। पोस्टर किसने लगाए हैं, इसकी फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

इन पोस्टरों को राहुल गांधी के कार्यक्रम और उनके राजनीतिक बयानों पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है। पोस्टर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है और सोशल मीडिया पर भी इनकी तस्वीरें वायरल हो रही हैं।

देर रात पोस्टर लगाए जाने के बाद पुलिस और प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है। राहुल गांधी के कार्यक्रम और उनके दौरे से जुड़े इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। वहीं स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टर लगाने वालों पर निशाना साधते हुए इसे विपक्षी दलों की मानसिकता और डर का नतीजा बताया है।

फिलहाल इन पोस्टरों की जिम्मेदारी किसी व्यक्ति या संगठन ने नहीं ली है। ऐसे में सवाल यही है कि राहुल गांधी के इंदौर पहुंचने से पहले ‘झूठ की गूंज’ लिखे ये पोस्टर किसने लगाए और इसके पीछे क्या राजनीतिक संदेश है। अब देखना होगा कि राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान इस विरोध का असर कितना दिखाई देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *