एमपी में 10 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू, अभ्यर्थियों के लिए तीन दिन की डेडलाइन, समय पर अपलोड करें दस्तावेज

 भोपाल। मध्य प्रदेश के शिक्षा विभाग में जल्द ही 10 हजार नए शिक्षकों की नियुक्ति होने जा रही है। इसके लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और चयनित अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज अपलोड करने तथा सत्यापन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

शिक्षा विभाग के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों को 18 जुलाई से 20 जुलाई के बीच एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल बनाकर सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य है। खास बात यह है कि इसके लिए केवल तीन दिन का समय दिया गया है और इनमें शनिवार और रविवार भी शामिल हैं।

कम समय मिलने के कारण कई अभ्यर्थी चिंता जता रहे हैं। उनका कहना है कि यदि दस्तावेज अपलोड करने के लिए थोड़ा और समय मिलता तो बेहतर होता, क्योंकि निर्धारित समय सीमा के भीतर दस्तावेज अपलोड नहीं करने वाले उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो सकते हैं।

दस्तावेज अपलोड होने के बाद 19 जुलाई से 21 जुलाई तक जिलों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे, जहां अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए उम्मीदवारों को पोर्टल पर निर्धारित शुल्क जमा करना होगा और अगले दिन अपने द्वारा चुने गए सत्यापन केंद्र पर उपस्थित होना होगा।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के बाद ही स्कूलों का आवंटन किया जाएगा। यह भर्ती कर्मचारी चयन मंडल की वर्ष 2025 की परीक्षा में चयनित उम्मीदवारों के लिए की जा रही है।

विभाग की कोशिश है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह तक स्कूलों का आवंटन पूरा कर लिया जाए, ताकि नए शिक्षक इसी शैक्षणिक सत्र से स्कूलों में अपनी सेवाएं देना शुरू कर सकें। अब चयनित अभ्यर्थियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वे तय समय सीमा के भीतर अपने सभी दस्तावेज अपलोड और सत्यापित करवा लें, ताकि भर्ती प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *