नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम शहर से दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शांतिनगर इलाके में देहात थाने से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित घर में रहने वाले लोक निर्माण विभाग यानी पीडब्ल्यूडी के 92 वर्षीय रिटायर्ड एसडीओ एन.के. गोयल को बदमाशों ने बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब ढाई बजे तीन से चार युवक किराएदार बनने के बहाने बुजुर्ग के घर पहुंचे। घर में अकेले रह रहे एन.के. गोयल ने जैसे ही दरवाजा खोला, वैसे ही करीब 25 से 30 साल उम्र के युवक जबरन अंदर घुस गए। बदमाशों ने पहले बुजुर्ग के हाथ-पैर गमछे से बांध दिए और शोर मचाने की कोशिश करने पर उनका मुंह दबा दिया।
बताया जा रहा है कि जब आरोपियों ने घर में रखे पैसे और कीमती सामान के बारे में पूछा और बुजुर्ग ने पैसे होने से इनकार किया, तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उनका गला दबाकर डराने की कोशिश की और फिर उनके गले से सोने की चेन, हाथों की अंगूठियां और चांदी का कड़ा उतरवा लिया।
इसके बाद करीब 40 मिनट तक बदमाश पूरे घर में घूम-घूमकर सामान खंगालते रहे। उन्होंने अलमारी के ताले तोड़े और कीमती सामान की तलाश की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सोने-चांदी के जेवर और एक कीपैड मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए। लूटे गए सामान की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
बदमाशों के जाने के बाद बुजुर्ग ने किसी तरह खुद को बंधन से मुक्त किया और पड़ोसियों को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि एन.के. गोयल वर्ष 1994 में पीडब्ल्यूडी से रिटायर हुए थे और पत्नी के निधन के बाद से अपने घर में अकेले रह रहे थे। इस दर्दनाक घटना के बाद वे काफी सहमे हुए हैं और सुरक्षा कारणों से अब अपने बेटे के घर शिफ्ट हो गए हैं।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, इस वारदात ने एक बार फिर अकेले रह रहे बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

