शहडोल। शहडोल से स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां मरीजों की जिंदगी बचाने के लिए इस्तेमाल होने वाली एंबुलेंस स्कूली बच्चों को लेकर स्कूल पहुंचाती नजर आई। एंबुलेंस में एक साथ कई बच्चे बैठे दिखाई दिए और इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है।
संभागीय मुख्यालय शहडोल में सर्किट हाउस के पास एक निजी स्कूल के बच्चों को एंबुलेंस के जरिए स्कूल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने एंबुलेंस में बैठे बच्चों का वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद अब एंबुलेंस के इस्तेमाल को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए उपलब्ध एंबुलेंस का इस्तेमाल स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने के लिए किस आधार पर किया जा रहा था। क्या इसके लिए किसी तरह की अनुमति ली गई थी या फिर एंबुलेंस का इस्तेमाल निजी काम के लिए किया जा रहा था।
मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि शहडोल में समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने को लेकर मरीजों और उनके परिजनों की परेशानियां सामने आती रही हैं। ऐसे में अगर किसी आपात स्थिति के दौरान एंबुलेंस गैर-चिकित्सकीय काम में लगी हो, तो इसका सीधा असर मरीजों की जान पर पड़ सकता है।
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही एंबुलेंस किस संस्था की है, बच्चों को किसके निर्देश पर ले जाया जा रहा था और इसके लिए अनुमति थी या नहीं। इन सभी सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा। लेकिन वायरल वीडियो ने स्वास्थ्य विभाग और एंबुलेंस के इस्तेमाल की व्यवस्था पर जरूर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

