सावन में प्राचीन मंदिर से शिवलिंग चोरी! देर रात उखाड़कर ले गए चोर, श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से आस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। फुनगा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम कदमटोला स्थित प्राचीन मडदेउरा धाम मंदिर से अज्ञात चोर देर रात शिवलिंग उखाड़कर ले गए। सावन के पवित्र महीने में हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, सुबह जब श्रद्धालु रोज की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो शिवलिंग अपनी जगह से गायब मिला। यह दृश्य देखकर लोग हैरान रह गए। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुट गए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मडदेउरा धाम क्षेत्र का बेहद प्राचीन धार्मिक स्थल है। मान्यता है कि यहां कभी पत्थरों से बना एक भव्य मंदिर हुआ करता था, जिसके अवशेष आज भी मंदिर परिसर में मौजूद हैं। वर्षों से यह स्थान आसपास के लोगों की गहरी आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि इस वारदात को किसी असामाजिक तत्व या सुनियोजित गिरोह ने अंजाम दिया है। श्रद्धालुओं ने मांग की है कि शिवलिंग को जल्द से जल्द बरामद किया जाए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल सावन के पावन महीने में हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *