उज्जैन। आस्था और डर के बीच झूलती एक जिंदगी जब हर दरवाजे से निराश होकर लौटती है, तो आखिरकार विश्वास ही उसका आखिरी सहारा बनता है, कुछ ऐसा ही मामला मध्यप्रदेश के उज्जैन से सामने आया है, जहां एक अंतरधार्मिक विवाह करने वाला दंपति अपनी सुरक्षा की गुहार लेकर मां बगलामुखी के दरबार पहुंचा।
तबस्सुम शेख उर्फ रानी शर्मा और उनके पति भारत शर्मा ने मां बगलामुखी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर अपने और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की, दंपति का कहना है कि साल 2019 में शादी के बाद से ही उन्हें लगातार धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।
दंपति ने आरोप लगाया है कि उन्हें कई बार जान से मारने की धमकियां मिलीं और हमले की कोशिशें भी हुईं, हालात ऐसे बने कि उन्हें उज्जैन से लेकर दिल्ली, उत्तरप्रदेश और रतलाम तक कई जगहों पर रहना पड़ा, लेकिन खतरा अब भी बना हुआ है।
उनका कहना है कि उनके घर की रेकी तक की जा रही है और इस संबंध में पुलिस से शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
सबसे ज्यादा चिंता तब बढ़ गई जब कोर्ट के आदेश पर मिली सुरक्षा अचानक हटा ली गई, दंपति का आरोप है कि बिना किसी लिखित आदेश के उनका गनमैन वापस बुला लिया गया, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
पति-पत्नी का कहना है कि उन्होंने हर जगह मदद की गुहार लगाई, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई, ऐसे में अब वे आस्था के सहारे मां बगलामुखी की शरण में पहुंचे हैं और सुरक्षा व शक्ति की प्रार्थना कर रहे हैं।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है या फिर यह पूरा मामला सिर्फ आस्था के भरोसे ही रह जाता है।

