सिंगरौली कोर्ट से मां-बेटे के रहस्यमयी तरीके से लापता होने से हड़कंप: तलाक की सुनवाई में आई महिला 5 साल के बेटे संग गायब, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तलाक के एक मामले में पेशी के लिए कोर्ट पहुंची 29 वर्षीय महिला अपने 5 साल के बेटे के साथ रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, मामला माड़ा थाना क्षेत्र के जरहा गांव का है। लापता महिला प्रियंका अग्रहरी का अपने पति जितेंद्र कुमार गुप्ता के साथ तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है। इसी सिलसिले में वह अपने 5 वर्षीय बेटे शिवांस राज गुप्ता के साथ बैढ़न स्थित न्यायालय परिसर पहुंची थी।

परिजनों के अनुसार, जब शाम तक प्रियंका घर वापस नहीं लौटी, तो उन्होंने चिंता में अपने अधिवक्ता से संपर्क किया। अधिवक्ता ने बताया कि प्रियंका अपने बेटे के साथ करीब शाम 4 बजे न्यायालय परिसर से बाहर निकलते हुए देखी गई थी। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका।

महिला और बच्चे के अचानक लापता होने की सूचना मिलते ही परिजनों ने बैढ़न बस स्टैंड, आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सिटी एसपी ललित बैरागी ने बताया कि न्यायालय परिसर और आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं, महिला का अपने पति के साथ विवाद और तलाक का मामला चलने के कारण पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही मां-बेटे का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर न्यायालय परिसरों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *