नागदा (उज्जैन)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र में कुएं में गौवंश के अवशेष मिलने के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
यह मामला 3 जुलाई को सामने आया था, जब उन्हेल के बैजनाथ खेड़ी रोड स्थित एक कुएं में गौवंश के अवशेष मिलने की सूचना मिली। घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद सहित कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी भय्यू खान बकरीवाला को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान इस घटना में शामिल तीन अन्य नाबालिग आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर गौवंश वध में इस्तेमाल की गई दो छुरियां और एक लकड़ी का गुटका भी बरामद किया गया है। गिरफ्तारी के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में कानून का संदेश देने के उद्देश्य से पुलिस ने मुख्य आरोपी भय्यू खान का नगर में जुलूस भी निकाला।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

