विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा से एक पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है, जहां एक पति अपनी पत्नी से परेशान होकर सीधे एसपी ऑफिस पहुंच गया और सुरक्षा की गुहार लगाई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी उसे लगातार प्रताड़ित कर रही है और झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रही है।
जानकारी के अनुसार, करारिया क्षेत्र निवासी जीवन जाटव का कहना है कि पिछले दो सालों से उनकी पत्नी उनसे पैसों की मांग कर रही है और इनकार करने पर विवाद करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी घर के जेवर और नकदी लेकर मायके चली गई और बीच-बीच में वापस आकर झगड़ा करती है।
पीड़ित ने बताया कि वह पहले भी स्थानीय थानों में शिकायत कर चुका है, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद मजबूर होकर उसे एसपी ऑफिस का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
वहीं पुलिस का कहना है कि यह एक पारिवारिक मामला है, जिसे महिला थाने को जांच के लिए सौंप दिया गया है और दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।

