सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। जियावन थाना क्षेत्र की चौकी कुदवार अंतर्गत ग्राम पंचायत ढोंगा के टोला चपरी पूर्वी में एक 27 वर्षीय महिला ने अपने पति राजेश कुमार साहू पर गाली-गलौज करने, हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट करने और जान से खत्म करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक घटना 17 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 3 बजकर 20 मिनट की है। महिला बच्चों को स्कूल से लाने के लिए ढोंगा जा रही थी। इसी दौरान चपरी में सहदेव साहू के घर के पास उसकी मुलाकात पति राजेश कुमार साहू से हुई। आरोप है कि पति ने महिला से मोबाइल फोन पर किससे बात करने को लेकर सवाल किया। महिला ने बताया कि वह अपनी भाभी से बात कर रही थी, लेकिन इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
महिला का आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने गाली-गलौज करते हुए उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की। महिला ने मोबाइल छिपा लिया, जिसके बाद आरोपी पति ने हाथ-मुक्कों और डंडे से उसके साथ मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।
महिला के मुताबिक मारपीट में उसकी बाईं आंख के पास चोट लगी और खून निकल आया। इसके अलावा कमर, जांघ और गले में भी चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है। महिला ने पति पर जान से खत्म करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
शिकायत मिलने के बाद जियावन पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 296(a), 115(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

