सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर महिलाओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा, जहां उन्होंने सड़क पर सिलेंडर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और मंत्री राधा सिंह का रास्ता रोक दिया।
दरअसल मंत्री राधा सिंह नारी शक्ति वंदन रैली में शामिल होने सीधी पहुंची थीं, जहां पूजा पार्क से सम्राट चौक होते हुए गांधी चौक तक रैली निकाली जा रही थी। इसी दौरान पढ़ैनिया गैस एजेंसी के पास महिलाओं ने सिलेंडर सड़क पर रखकर विरोध जताया और मंत्री के काफिले को रोक लिया।
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मंत्री गाड़ी से बाहर नहीं उतरीं और उन्होंने कहा कि कहीं कोई किल्लत नहीं है, कुछ लोग जानबूझकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
वहीं महिलाओं का कहना है कि उन्हें बुकिंग के बाद भी समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जिससे घर का कामकाज प्रभावित हो रहा है और उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण बनी रही, लेकिन जैसे ही गैस की गाड़ी मौके पर पहुंची, लोग सिलेंडर हटाकर वहां से हटने लगे। इस घटना ने एक बार फिर गैस आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

