खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा के पास ग्राम केनूद में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पहले इसे सड़क हादसा माना गया, लेकिन पुलिस जांच में यह एक सोची-समझी साजिश और हत्या का मामला निकला। इस घटना में मां-बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवती समेत अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय के अनुसार, यह कोई सामान्य एक्सीडेंट नहीं था, बल्कि आरोपी ने प्रेम प्रसंग के चलते गुस्से में आकर जानबूझकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और अस्पताल में भी लोगों का आक्रोश देखने को मिला।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी भाजपा नेता लव कुश का सारिका नाम की युवती के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन युवती की शादी कहीं और तय हो गई थी, जिससे वह नाराज था और इस रिश्ते को रोकना चाहता था। घटना से पहले परिजनों ने आरोपी के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी।
घटना के दिन सौरभ अपनी मां सुमन बाई और अन्य परिजनों के साथ कार से जा रहे थे, तभी आरोपी ने थार वाहन से उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ और उनकी मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

