लखनऊ। पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ की एंट्री होने जा रही है, जहां वे भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में कई जिलों में लगातार जनसभाएं और रोड शो कर चुनावी माहौल को धार देंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ दोपहर में कूच बिहार जिले के माथाभांगा विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। सीमावर्ती इस इलाके में पार्टी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है और इस सभा को उसी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
इसके बाद उनका दौरा जलपाईगुड़ी जिले की धूपगुड़ी विधानसभा तक रहेगा, जहां वे एक और जनसभा को संबोधित कर उत्तर बंगाल में भाजपा के जनाधार को मजबूत करने का प्रयास करेंगे।
दिन के अंतिम चरण में योगी आदित्यनाथ बांकुरा पहुंचेंगे, जहां भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में उनका भव्य रोड शो प्रस्तावित है। जंगलमहल क्षेत्र में होने वाला यह रोड शो शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है, जिसकी व्यापक तैयारियां की गई हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, योगी की सभाओं में उमड़ रही भीड़ कार्यकर्ताओं में नया जोश भर रही है और चुनावी माहौल को और ज्यादा गरमा रही है। सभास्थलों पर लोगों की भारी भीड़ और उत्साह इस बात का संकेत दे रहा है कि चुनावी मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है।

