लखनऊ. उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद सरकार ने पीड़ित परिवारों को राहत देना शुरू कर दिया है, जहां इस हादसे में जान गंवाने वाले दो बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर विधायक ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सहायता राशि का चेक सौंपा और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
घटना के बाद मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद पीड़ितों के लिए नजदीकी कम्युनिटी सेंटर में रहने और खाने की व्यवस्था की गई, साथ ही मौके पर लगातार भोजन और अन्य जरूरी सामग्री भी पहुंचाई जा रही है।
बताया जा रहा है कि विकास नगर क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ियों में लगी आग ने अचानक विकराल रूप ले लिया था, लेकिन दमकल विभाग, पुलिस और अन्य एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई से बड़ी जनहानि टल गई।
करीब 400 से ज्यादा कर्मचारियों और राहत टीमों ने मिलकर हालात पर काबू पाया और आसपास के 30 से अधिक घरों को खाली कराकर कई लोगों की जान बचाई गई। अब प्रशासन पीड़ितों को हर संभव सहायता देने में जुटा हुआ है।

