2 लाख पद खाली, नौकरी का इंतजार खत्म कब? युवा कांग्रेस का बड़ा ऐलान, शुरू होगा ‘भर्ती दो, मध्य प्रदेश बचाओ’ अभियान

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरियों को लेकर सियासत तेज हो गई है। युवा कांग्रेस ने प्रदेशभर में “भर्ती दो, मध्य प्रदेश बचाओ” अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। संगठन का आरोप है कि चुनाव के दौरान युवाओं को रोजगार और सरकारी भर्तियों का वादा किया गया था, लेकिन आज भी लाखों अभ्यर्थी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर अब प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी गई है।

ग्वालियर में आयोजित प्रेसवार्ता में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मितेंद्र दर्शन सिंह ने अभियान की घोषणा करते हुए कहा कि यह आंदोलन “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम के तहत पूरे मध्य प्रदेश में चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य बेरोजगार युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की आवाज सरकार तक पहुंचाना है।

युवा कांग्रेस का दावा है कि प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में करीब 2 लाख पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं कर रही। संगठन के मुताबिक शिक्षा विभाग में 52 हजार से ज्यादा, ऊर्जा विभाग में 49 हजार से अधिक, गृह विभाग में 18 हजार, उच्च शिक्षा में 15 हजार से ज्यादा, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास में 10 हजार से अधिक, कृषि विभाग में 8 हजार और वन विभाग में 7 हजार से ज्यादा पद रिक्त हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य, जल संसाधन, राजस्व, परिवहन और कई अन्य विभागों में भी बड़ी संख्या में पद खाली बताए गए हैं।

युवा कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि सभी रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए, लंबित भर्तियों का समयबद्ध कैलेंडर जारी किया जाए, पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनाई जाए तथा युवाओं से किए गए रोजगार के सभी वादों को जल्द पूरा किया जाए।

संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सरकार जल्द कोई ठोस फैसला नहीं लेती, तो प्रदेश के हर जिले में छात्र संवाद, हस्ताक्षर अभियान, ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवा कांग्रेस का कहना है कि जरूरत पड़ी तो इस आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *