ग्वालियर। सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते, लेकिन ग्वालियर में एक युवक को अपनी कार पर 3400 किस के निशान बनाकर रील तैयार करना इतना भारी पड़ गया कि लाखों व्यूज के साथ उसे 5500 रुपये का चालान भी भरना पड़ा।
कार पर 3400 किस, देखते रह गए लोग
ग्वालियर की सड़कों पर जब यह कार निकली तो लोग इसे देखकर हैरान रह गए। कार की पूरी बॉडी पर जगह-जगह लिपस्टिक के किस मार्क नजर आ रहे थे। दावा है कि करीब साढ़े तीन घंटे की मेहनत के बाद कार पर लगभग 3400 किस के निशान बनाए गए।
इसका मकसद था सोशल मीडिया के लिए ऐसा कंटेंट तैयार करना, जिसे देखकर लोग रुकें, शेयर करें और वीडियो वायरल हो जाए। हुआ भी कुछ ऐसा ही। रील सोशल मीडिया पर पहुंची तो महज एक दिन में करीब 55 लाख यानी 5.5 मिलियन व्यूज मिल गए।
व्यूज बढ़े तो पुलिस की नजर भी पड़ गई
लेकिन जैसे-जैसे रील के व्यूज बढ़ रहे थे, वैसे-वैसे ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस की नजर भी इस वीडियो पर पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक, सड़क पर इस तरह कार चलाकर रील बनाने से वहां से गुजर रही छात्राओं और महिलाओं को भी असहजता का सामना करना पड़ रहा था।
वीडियो में कार सड़क पर चलती दिखाई दे रही थी। इसके बाद पुलिस ने सोशल मीडिया वीडियो के आधार पर कार की पहचान की और थाटीपुर इलाके से उसे पकड़कर यातायात थाने ले आई।
जिस कार पर किस बनाए, उसी को हाथों से साफ करना पड़ा
पूछताछ में कार मालिक आदित्य उर्फ आदी सिकरवार ने बताया कि उसकी दोस्त ने कार पर लिपस्टिक से ये निशान बनाए थे और इसका मकसद सोशल मीडिया पर नया ट्रेंड बनाना था।
लेकिन अब वही कार और वही किस मार्क उसके लिए परेशानी बन चुके थे। जिस कार पर कुछ घंटे पहले 3400 किस बनाकर रील तैयार की गई थी, उन्हीं निशानों को कार मालिक को अपने हाथों से साफ करना पड़ा।
ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर 5500 रुपये का चालान किया और कार से लिपस्टिक के निशान भी हटवाए। यानी करीब 900 रुपये की लिपस्टिक से शुरू हुई कहानी लाखों व्यूज तक पहुंची, लेकिन आखिर में युवक को 5500 रुपये का चालान भी भरना पड़ा।
‘ऑपरेशन ईगल’ के तहत हुई कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस की यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन ईगल’ का हिस्सा बताई जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो पर नजर रख रही है, जिनमें ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन, सड़क पर स्टंट या खतरनाक तरीके से रील बनाने जैसी गतिविधियां सामने आती हैं।
पुलिस की पूछताछ में युवक ने अपनी गलती स्वीकार की और आगे ऐसी गलती नहीं दोहराने की बात कही।
लाइक और व्यूज के लिए बनाई गई यह रील भले ही लाखों लोगों तक पहुंच गई, लेकिन इसके साथ एक संदेश भी वायरल होना जरूरी है। सड़क सोशल मीडिया का स्टूडियो नहीं है। एक रील कुछ सेकंड में वायरल हो सकती है, लेकिन सड़क पर की गई एक गलती जिंदगीभर का नुकसान कर सकती है।
ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस की यह कार्रवाई उन लोगों के लिए भी साफ चेतावनी है, जो वायरल होने के चक्कर में सड़क और ट्रैफिक नियमों को नजरअंदाज कर रील बनाने से नहीं हिचकते।

