टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस महामुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। स्टेडियम में करीब एक लाख दर्शक इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने, लेकिन उससे कहीं ज्यादा लोग अपने मोबाइल और टीवी स्क्रीन पर इस मुकाबले को लाइव देख रहे थे।
8 मार्च की शाम जब भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला खेला जा रहा था, तब जियोहॉटस्टार पर दर्शकों का ऐसा सैलाब उमड़ा कि इंटरनेट की दुनिया में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया। इस मुकाबले को रिकॉर्ड 82.10 करोड़ लोगों ने लाइव देखा, जो किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी व्यूअरशिप बन गई।
इससे पहले साल 2023 के टी20 विश्व कप फाइनल में सबसे ज्यादा करीब 5.9 करोड़ व्यूअरशिप दर्ज हुई थी। उस मुकाबले को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर 5.3 करोड़ लोगों ने लाइव देखा था, लेकिन 2026 के इस फाइनल ने सभी पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
फाइनल मुकाबले के दौरान हर गेंद के साथ दर्शकों की संख्या लगातार बढ़ती गई। जो लोग स्टेडियम तक नहीं पहुंच सके, वे अपने मोबाइल फोन से मैच देखने में जुटे रहे। मैच से पहले जब सिंगर रिकी मार्टिन का परफॉर्मेंस चल रहा था, तब करीब 2.1 करोड़ लोग इसे लाइव देख रहे थे। इसके बाद टॉस के समय यह संख्या बढ़कर 4.2 करोड़ हो गई।
जैसे ही मैच की पहली गेंद फेंकी गई, व्यूअरशिप बढ़कर 6.5 करोड़ तक पहुंच गई। भारत की पारी खत्म होने तक 43.9 करोड़ लोग लाइव मैच देख रहे थे। खास बात यह रही कि इनिंग ब्रेक के दौरान भी 44.3 करोड़ दर्शक प्लेटफॉर्म से जुड़े रहे। जब न्यूजीलैंड लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी तो दर्शकों की संख्या बढ़कर 50.3 करोड़ तक पहुंच गई।
मैच के अंतिम क्षणों में दर्शकों का उत्साह अपने चरम पर था। न्यूजीलैंड का आखिरी विकेट 19वें ओवर में गिरा, उस समय 74.5 करोड़ लोग एक साथ मैच देख रहे थे। वहीं मैच खत्म होने के बाद जब पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन और टीम इंडिया की जीत का जश्न चल रहा था, तब यह आंकड़ा बढ़कर 82.1 करोड़ तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे बड़ा ऑनलाइन क्रिकेट व्यूअरशिप रिकॉर्ड बन गया।
अगर फाइनल मुकाबले की बात करें तो टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रनों पर सिमट गई और भारत ने 96 रनों से शानदार जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। भारत इससे पहले 2007 और 2024 में भी चैंपियन रह चुका है। खास बात यह रही कि टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीती और टी20 वर्ल्ड कप के 19 साल के इतिहास में पहली बार किसी टीम ने अपने ही घर में यह खिताब जीतकर नया इतिहास रच दिया।

