विदिशा/भोपाल। विदिशा के पूर्व एडीएम और 2019 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल कुमार डामोर का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह तड़के करीब 5 बजे उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अनिल कुमार डामोर के निधन की खबर सामने आते ही प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिचितों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
अनिल कुमार डामोर का हाल ही में विदिशा से तबादला हुआ था। उन्हें भोपाल में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई थी। वे विदिशा में अपनी जिम्मेदारी छोड़कर नई पोस्टिंग संभालने की तैयारी में थे, लेकिन इसी बीच उनके निधन की दुखद खबर सामने आ गई।
निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अचानक हुई इस मौत से हर कोई स्तब्ध है। एक युवा आईएएस अधिकारी के असमय निधन से प्रशासनिक गलियारों में शोक का माहौल है।

