प्रेस कॉन्फ्रेंस में जीतू पटवारी का सरकार पर हमला, बोले- मुकेश मल्होत्रा मामले में कोर्ट का फैसला सही नहीं

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष Jitu Patwari ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजयपुर विधानसभा से जुड़े मुद्दे को लेकर सरकार पर तीखा सियासी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का असली चाल, चरित्र और चेहरा अब सामने आ चुका है। पटवारी ने आरोप लगाया कि पहले कांग्रेस की चुनी हुई सरकार को खरीद-फरोख्त के जरिए गिराया गया और अब लोकतंत्र को कमजोर करने वाली राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी लोकतंत्र विरोधी, आदिवासी विरोधी और दलित विरोधी मानसिकता के साथ काम कर रही है।

पटवारी ने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस की एक आदिवासी महिला नेता से औकात पूछने जैसी भाषा का इस्तेमाल किया गया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह व्यवहार लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है।

मुकेश मल्होत्रा के मामले पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव हार और जीत का जो फैसला आया है, वह आश्चर्यचकित करने वाला है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका पर उनका पूरा सम्मान और भरोसा है, लेकिन इस तरह का फैसला कई सवाल खड़े करता है। उनका कहना था कि जिस तरह का आरोप बताया गया, वह ऐसा गंभीर अपराध नहीं था जिससे चुनाव परिणाम पर इतना बड़ा असर पड़ना चाहिए था। पटवारी ने कहा कि इस मामले में कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट में अपील करेगी और कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह न्यायालय और फैसला देने वाले जज दोनों का सम्मान करते हैं, लेकिन जनता की आवाज यह कह रही है कि यह फैसला सही नहीं है।

इस दौरान पटवारी ने विधायक निर्मला सप्रे के मुद्दे को भी उठाया और कहा कि इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी इस मामले में अदालतों के बीच गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर बीजेपी में दम है तो निर्मला सप्रे का चुनाव कराकर दिखाए।

गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दबाव में काम कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के हितों की रक्षा ठीक तरीके से नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों का असर किसानों पर पड़ रहा है और किसानों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं।

इसके साथ ही पटवारी ने मध्यप्रदेश सरकार पर बढ़ते कर्ज को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार की आर्थिक नीति समझ से परे है और सरकार लगातार कर्ज लेने में लगी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कुछ विश्वविद्यालय डिग्री बेचने वाले संस्थान बन गए हैं और सरकार लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं से किए गए वादे भी पूरे नहीं कर पा रही है। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आएगी तो राज्य की आर्थिक स्थिति को सुधारने और कर्ज चुकाने का काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *