Randeep Hooda और उनकी पत्नी Lin Laishram के घर खुशियों ने दस्तक दी है। 10 मार्च को लिन लैशराम ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है। पिता बनने की खुशी में रणदीप हुड्डा बेहद उत्साहित नजर आए और उन्होंने अपनी नवजात बेटी की पहली झलक सोशल मीडिया पर शेयर की है।
रणदीप हुड्डा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास पोस्ट साझा किया, जिसमें उनकी नन्ही बेटी अपने दादाजी की गोद में दिखाई दे रही है। पोस्ट में दो तस्वीरें हैं, जिनमें पहली तस्वीर में दादाजी अपनी पोती को गोद में लिए नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में बच्ची के नन्हे-नन्हे हाथ दिखाई दे रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ रणदीप ने कैप्शन में लिखा कि दादाजी और पोती दोनों को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई।
दरअसल यह दिन परिवार के लिए और भी खास बन गया क्योंकि 10 मार्च को ही रणदीप हुड्डा के पिता का जन्मदिन भी होता है। उसी दिन उनकी पत्नी लिन लैशराम ने बेटी को जन्म दिया, जिससे यह तारीख परिवार के लिए हमेशा यादगार बन गई। पोस्ट में रणदीप ने अपने पिता के लिए भावुक संदेश भी लिखा और कहा कि आज जब वे खुद पिता बने हैं तो उनके और उनके पिता के रिश्ते की गहराई को और बेहतर तरीके से समझ पा रहे हैं।
उन्होंने अपनी पत्नी लिन लैशराम का भी खास तौर पर धन्यवाद किया और लिखा कि उन्हें पिता बनने का यह खूबसूरत एहसास देने के लिए वे उनके बेहद आभारी हैं। रणदीप ने अपनी बेटी को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा प्यार बताया।
आपको बता दें कि रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम ने साल 2023 में शादी की थी और शादी के करीब दो साल बाद यह कपल माता-पिता बना है। बेटी के जन्म की खबर सामने आने के बाद फैंस और करीबी लोग सोशल मीडिया पर इस कपल को ढेरों बधाइयां दे रहे हैं।

