ग्वालियर। Gwalior में प्रेम विवाह को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है, जहां 15 लाख रुपये दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर युवक के परिजनों ने युवती, उसके भाई और मां के साथ सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर मारपीट कर दी और शादी तोड़ दी। यह पूरा मामला Hajira थाना क्षेत्र की राधा कृष्ण विहार कॉलोनी का बताया जा रहा है।
पीड़ित युवक कृष्णा कुशवाह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी बहन एक नर्स है और वह पास में रहने वाले अभय मौर्य से प्रेम विवाह करना चाहती थी। शुरुआत में अभय मौर्य के पिता राघवेंद्र मौर्य, मां सुनीता मौर्य और मामा अनिल निगम इस रिश्ते के लिए तैयार हो गए थे। दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां भी शुरू हो गई थीं।
लेकिन कुछ समय बाद युवक के परिजन इस रिश्ते से दूरी बनाने लगे। जब युवती के परिवार ने इस बारे में बात करने की कोशिश की तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। इसी बीच एक दिन अभय के पिता राघवेंद्र, मां सुनीता और मामा अनिल युवती के घर पहुंचे और बातचीत के दौरान 15 लाख रुपये दहेज की मांग रख दी।
युवती के भाई कृष्णा और उसके परिवार ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान अभय के मामा अनिल निगम ने डंडे से कृष्णा और उसकी मां पर हमला कर दिया। इसके बाद अभय के पिता राघवेंद्र और मां सुनीता भी मारपीट में शामिल हो गए और तीनों ने मिलकर कृष्णा और उसकी मां को बुरी तरह पीट दिया।
मारपीट के दौरान कृष्णा के मुंह पर डंडा लगने से उसका मुंह सूज गया, जबकि उसकी मां के हाथ और उंगलियों में गंभीर चोट आई। भाई को बचाने आई युवती को भी आरोपियों ने सड़क पर पीटा और इसके बाद शादी से इनकार करते हुए वहां से भाग गए।
घटना के बाद पीड़ित परिवार थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कृष्णा की शिकायत के आधार पर आरोपियों राघवेंद्र मौर्य, सुनीता मौर्य और अनिल निगम के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

