इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। लसूडिया थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर 114 में एक युवक ने अपनी ही मां की कथित तौर पर मारपीट कर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 60 वर्षीय गीताबाई पचोर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आकाश की पत्नी पारिवारिक विवाद के चलते घर छोड़कर चली गई थी। इसी बात को लेकर वह काफी परेशान और गुस्से में था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था।
बताया जा रहा है कि गुस्से में आकर आकाश का अपनी मां से विवाद हो गया। आरोप है कि उसने गीताबाई के साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के दौरान बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पत्नी के घर छोड़कर जाने के बाद वह आक्रोश में था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मां के प्रति इस तरह की क्रूरता बेहद दुखद और चिंताजनक है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

