रैपर बादशाह की बढ़ी मुश्किलें, महिला आयोग ने गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्त करने की उठाई मांग

मशहूर रैपर और गायक Badshah की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उनके गाने “टटीरी” को लेकर उठे विवाद के बाद हरियाणा महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस से उनकी गिरफ्तारी की मांग की है और उनके कार्यक्रमों पर रोक लगाने की भी बात कही है।

Haryana State Commission for Women की अध्यक्ष Renu Bhatia ने Panipat और Panchkula पुलिस को निर्देश देते हुए कहा है कि बादशाह के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में कहीं भी बादशाह का कार्यक्रम नहीं होने दिया जाएगा और इसके लिए प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर सूचना भेजी जा रही है।

रेनू भाटिया ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि महिला आयोग हरियाणा की बेटियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से खड़ा है और किसी भी तरह की आपत्तिजनक सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बादशाह समय पर आयोग के सामने पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि बादशाह को समन जारी कर आयोग के सामने पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन वह निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं हुए। उनकी ओर से आए वकीलों ने दलील दी कि पेशे से जुड़े काम में व्यस्त होने के कारण वह नहीं आ सके और आयोग से आगे का समय मांगा गया। आयोग ने दोपहर तीन बजे तक का समय दिया था, लेकिन इसके बावजूद बादशाह उपस्थित नहीं हुए, जिसके बाद गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्त करने की मांग की गई।

विवाद की जड़ उनके हाल ही में जारी हुए “टटीरी” गाने के बोल और कुछ दृश्यों को बताया जा रहा है, जिन्हें लेकर महिला आयोग और कई सामाजिक संगठनों ने आपत्ति जताई थी। विवाद बढ़ने के बाद पंचकूला पुलिस ने इस गाने को इंटरनेट मंच से हटवाने की कार्रवाई भी की थी।

इस पूरे विवाद के बाद बादशाह ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा था कि उनके गाने के कुछ शब्दों और दृश्यों से हरियाणा के कुछ लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, जिसके लिए वह खेद व्यक्त करते हैं। उन्होंने खुद को हरियाणा का बेटा बताते हुए लोगों से माफी भी मांगी थी। अब इस पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *