इंदौर में फिर चर्चा में शिलोम जेम्स, हत्याकांड के आरोपी पर एक और केस दर्ज

इंदौर। मध्यप्रदेश के Indore में बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड से जुड़ा आरोपी शिलोम जेम्स एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। पहले से साक्ष्य छुपाने के मामले में आरोपी बनाए जा चुके शिलोम जेम्स के खिलाफ अब मारपीट और धमकाने का एक और केस दर्ज किया गया है।

लसूड़िया थाना पुलिस ने जांच के बाद शिलोम जेम्स और उसके साथी विकास के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक 8 मार्च को ICC Men’s T20 World Cup के फाइनल में भारत की जीत के बाद कॉलोनी में पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद शुरू हुआ था।

बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर शिलोम जेम्स का पड़ोसियों से झगड़ा हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि शिलोम और उसके साथी ने न सिर्फ मारपीट की बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी।

गौरतलब है कि शिलोम जेम्स पहले से ही राजा रघुवंशी हत्याकांड में साक्ष्य छुपाने के आरोप में पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। जांच में यह भी सामने आया था कि उसने मुख्य आरोपियों की मदद की थी और सबूत मिटाने की कोशिश की थी।

अब इस नए मामले के सामने आने के बाद पुलिस शिलोम जेम्स के आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच यह सवाल भी उठने लगा है कि गंभीर आरोपों के बावजूद आरोपी खुलेआम विवाद कैसे कर रहे हैं।

फिलहाल लसूड़िया थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *