वॉटर पार्क में दर्दनाक हादसा: फिसल पट्टी की रेलिंग में उतरा करंट, युवक की मौके पर मौत

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के बरेला स्थित निसर्ग वॉटर पार्क से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां दोस्तों के साथ घूमने और मौज-मस्ती करने पहुंचे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे वॉटर पार्क में अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक रांझी झंडा चौक निवासी साजन विश्वकर्मा अपने तीन दोस्तों के साथ निसर्ग वॉटर पार्क पहुंचा था। सभी दोस्त वॉटर स्लाइड और झूलों का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान साजन जब फिसल पट्टी से नीचे उतर रहा था, तभी अचानक लोहे की रेलिंग में फैले करंट की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि करंट इतना तेज था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इस घटना के बाद वॉटर पार्क प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि रेलिंग में बिजली का करंट फैल गया था, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में राहत पाने के लिए लोग वॉटर पार्क पहुंचते हैं, लेकिन वहां सुरक्षा के बुनियादी इंतजामों में लापरवाही बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों और दोस्तों में भारी आक्रोश देखने को मिला। सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने वॉटर पार्क प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *