सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण पर कार्रवाई, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां सरकारी जमीन पर किए जा रहे अवैध निर्माण पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया और निर्माणाधीन हिस्से को ध्वस्त कर दिया।

जानकारी के मुताबिक बरेला थाना क्षेत्र के गौर इलाके में सार्वजनिक जमीन पर अवैध तरीके से निर्माण किया जा रहा था, जिसकी शिकायत स्थानीय लोगों द्वारा लगातार की जा रही थी।

बताया जा रहा है कि इस निर्माण के चलते आम रास्ता भी बाधित हो रहा था, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

प्रशासन की जांच में सामने आया कि खसरा नंबर 137 में निर्धारित सीमित क्षेत्र से कहीं अधिक जमीन पर निर्माण किया जा रहा था, जहां करीब 450 स्क्वायर फीट की जगह लगभग 1500 स्क्वायर फीट तक निर्माण फैलाया गया था।

इसके बाद जिला प्रशासन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और अवैध हिस्से को हटाते हुए रास्ता साफ कराया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

फिलहाल प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *