उज्जैन। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन एक बार फिर वैश्विक मंच पर छा गई है, जहां ‘महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम’ विषय पर आधारित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ हुआ।
इस खास आयोजन का उद्घाटन मोहन यादव और धर्मेंद्र प्रधान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया, जिसके साथ ही विज्ञान और आध्यात्म के संगम का अनूठा सिलसिला शुरू हुआ।
वसंत विहार स्थित अत्याधुनिक तारामंडल परिसर में आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश के वैज्ञानिक, शोधकर्ता और विद्वान एक मंच पर जुटे हैं, जहां समय की गणना और महाकाल के वैज्ञानिक पहलुओं पर गहन मंथन किया जाएगा।
इस मौके पर ‘उज्जैन विज्ञान केंद्र’ का भी शुभारंभ किया गया, जिसे आधुनिक तकनीकों से लैस कर तैयार किया गया है और इसके निर्माण में केंद्र और राज्य सरकार का संयुक्त योगदान रहा है।
कार्यक्रम में नीति आयोग के सदस्य वी.के. सारस्वत, चिंतक सुरेश सोनी और सांसद अनिल फिरोजिया समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं, वहीं यह सम्मेलन आने वाले तीन दिनों तक ज्ञान, शोध और विचारों के आदान-प्रदान का केंद्र बना रहेगा।

