भूत-प्रेत के नाम पर हैवानियत, महिला को बेरहमी से पीटा, अंधविश्वास बना वजह

मैहर। मध्यप्रदेश के मैहर जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां भूत-प्रेत के नाम पर एक महिला के साथ बेरहमी की सारी हदें पार कर दी गईं।

अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम मझगवां में महिला की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने इसे बीमारी मानने के बजाय ‘प्रेत बाधा’ समझ लिया और झाड़फूंक के नाम पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़िता के पति रामफल लोनी की शिकायत के मुताबिक, गया लोनी नाम के व्यक्ति ने इलाज का दावा करते हुए महिला को अपने घर बुलाया और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया, वहीं सत्यम लोनी और बिटिला लोनी ने भी महिला को पकड़कर उसके साथ मारपीट की।

महिला की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई, लेकिन तब तक उसके हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आ चुकी थीं, जिसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा है कि परिवार में हाल ही में हुई एक मौत के बाद ‘भटकती आत्मा’ की अफवाह फैली थी और इसी अंधविश्वास के चलते महिला को निशाना बनाया गया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है, लेकिन यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि अंधविश्वास किस तरह इंसान को हैवान बना देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *