भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है और अब प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक पत्र लिखकर साफ संदेश दिया है कि कांग्रेस सिर्फ चुनाव के समय नजर आने वाला संगठन नहीं बनना चाहिए। कार्यकर्ताओं को पूरे साल जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख और संघर्ष में साथ खड़ा होना होगा।
हरीश चौधरी ने अपने पत्र में कहा कि कांग्रेस की असली ताकत बड़े नेताओं में नहीं, बल्कि उस कार्यकर्ता में है जो हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ा रहता है। उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि संगठन की मौजूदगी केवल चुनाव के दौरान नहीं, बल्कि पूरे वर्ष जमीन पर दिखाई देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, सामाजिक न्याय, युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को राहुल गांधी लगातार उठा रहे हैं। अब इन मुद्दों को संगठन के जरिए हर बूथ और हर गांव तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की है।
हरीश चौधरी ने कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने और उनके सवालों को उठाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सिर्फ समस्या सुनकर वापस नहीं लौटना है, बल्कि जनता के संघर्ष में भी मजबूती से उनके साथ खड़ा रहना होगा।
यानी कांग्रेस नेतृत्व अब संगठन को चुनावी मौसम तक सीमित रखने के बजाय पूरे साल सक्रिय रखने की रणनीति पर जोर दे रहा है। प्रदेश प्रभारी का यह पत्र कितना असर दिखाता है और कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता वास्तव में कितने समय तक जमीन पर सक्रिय रहते हैं, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।


