इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शाहबानो प्रकरण पर किताब लिखने आई एक महिला लेखिका भीड़ हिंसा का शिकार हो गई।
बेंगलुरु से आई लेखिका परवीन बानो पर खजराना इलाके में लोगों ने हमला कर दिया, दरअसल “डेटा चोर” कहे जाने को लोगों ने “बेटा चोर” समझ लिया और भीड़ ने महिला को बच्चा चोर समझकर पीटना शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि महिला शाहबानो केस पर रिसर्च और किताब लिखने के लिए आई थी, इसी दौरान शाहबानो परिवार से जुड़े कुछ लोगों के साथ उसका विवाद हुआ, जहां उस पर डेटा चोरी का आरोप लगाया गया था।
हालांकि गलतफहमी इतनी बढ़ गई कि आसपास के लोगों ने बिना सच्चाई जाने महिला के साथ मारपीट कर दी, यहां तक कि उसे कई घंटे थाने में भी बैठना पड़ा।
घटना के 15 दिन बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं पुलिस अब वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कह रही है।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, इस घटना ने एक बार फिर भीड़ हिंसा और अफवाहों के खतरनाक रूप को उजागर कर दिया है।

