ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर से बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां 10वीं और 12वीं की कॉपियों में छात्रों ने अजीबो-गरीब और भावनात्मक संदेश लिख दिए, जिन्हें देखकर शिक्षक भी चौंक गए।
मूल्यांकन के दौरान 2 लाख 66 हजार से ज्यादा कॉपियों की जांच की गई, जिनमें से करीब 55 कॉपियों में छात्रों ने पास होने के लिए अलग-अलग तरह की गुहार लगाई, किसी ने लिखा “सर पास कर दो, आपकी शादी मेरी साली से करवा दूंगा”, तो किसी ने बीमारी और पारिवारिक समस्याओं का हवाला देते हुए नंबर देने की अपील की।
कई छात्रों ने अपने माता-पिता की गंभीर बीमारी जैसे कैंसर का जिक्र करते हुए पढ़ाई न कर पाने की मजबूरी बताई, वहीं कुछ छात्राओं ने फेल होने पर शादी टूटने तक की बात लिख दी, इतना ही नहीं कुछ कॉपियों में पैसे देने तक का ऑफर और मोबाइल नंबर के साथ क्यूआर कोड भेजने की बात भी सामने आई।
इस पूरे मामले की पुष्टि मूल्यांकन केंद्र के प्राचार्य जितेंद्र सिंह आजाद ने की है, उन्होंने बताया कि हर साल इस तरह के इमोशनल और अनोखे मैसेज सामने आते हैं, लेकिन मूल्यांकन हमेशा नियमों के अनुसार ही किया जाता है।
उन्होंने छात्रों से अपील की है कि परीक्षा में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, मेहनत ही एकमात्र रास्ता है और यदि परिणाम उम्मीद के मुताबिक न आए तो अगली बार और बेहतर तैयारी करनी चाहिए।
अब सभी की नजर आने वाले रिजल्ट पर टिकी है, जिसे जल्द ही घोषित किया जा सकता है।

