SECL खदान में हादसा, मेंटेनेंस के दौरान मजदूर की मौत, सुरक्षा पर उठे सवाल

शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में SECL की सोहागपुर क्षेत्र की बंगवार भूमिगत कोयला खदान में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां मेंटेनेंस के दौरान बिजली के पोल से गिरकर एक ठेका मजदूर की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक मजदूर रोज की तरह ड्यूटी पर पहुंचा था और बिजली पोल पर चढ़कर मरम्मत का काम कर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

सहकर्मियों और प्रबंधन की मदद से उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों और मजदूरों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार द्वारा पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे और बिना जरूरी सुरक्षा उपकरणों के काम कराया जा रहा था।

घटना के बाद खदानों में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं और जिम्मेदार एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी उंगली उठ रही है।

फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है और प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और आगे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *