एमपी हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, पहाड़ों को बचाने के लिए सख्त निर्देश

ग्वालियर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर अहम पहल करते हुए ग्वालियर और आसपास की पहाड़ियों को अतिक्रमण और उत्खनन माफिया से बचाने के लिए सख्त आदेश जारी किए हैं।

कोर्ट ने साफ कहा है कि पहाड़ों का अस्तित्व खतरे में है और उन्हें संरक्षित करना बेहद जरूरी है, क्योंकि लगातार हो रहे क्षरण से पर्यावरण और तापमान पर सीधा असर पड़ रहा है।

सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया कि पहाड़ियों से हरियाली खत्म होने के कारण ग्वालियर के हीट जोन बनने का खतरा बढ़ रहा है, जिसे देखते हुए कोर्ट ने तुरंत कदम उठाने के निर्देश दिए।

हाईकोर्ट ने फैसला दिया है कि ग्वालियर और उसके आसपास की पहाड़ियों पर “सिटी फॉरेस्ट” विकसित किया जाएगा, ताकि पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सके।

इसके लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में एक विशेष कमेटी गठित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।

यह कमेटी 15 दिनों के भीतर बैठक कर पूरी स्थिति की समीक्षा करेगी और सिटी फॉरेस्ट योजना को लागू करने के लिए आगे की कार्यवाही सुनिश्चित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *